लखनऊ-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह से मचा हड़कंप, जांच में कुछ नहीं मिला
लखनऊ (जनवार्ता) । राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान के शौचालय में टिश्यू पेपर पर ‘बम’ लिखा हुआ मिला। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए विमान को उड़ान भरने से पहले ही रोक लिया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, करीब 180 यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना होने वाली इंडिगो की फ्लाइट को एप्रन पर ही रोक दिया गया। सुरक्षा मानकों के तहत सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए विमान की गहन जांच की गई।
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां, सीआईएसएफ और अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए। विमान के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से तलाशी ली गई, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने मामले को फर्जी बम सूचना (होक्स कॉल) करार दिया। हालांकि सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन और विस्तृत जांच के कारण उड़ान निर्धारित समय से विलंब से रवाना हुई। घटना के चलते यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
इधर, दिल्ली में खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते गुरुवार देर रात और शुक्रवार तड़के दिल्ली जाने वाली तीन उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सभी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और मौसम सामान्य होने पर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E1054 रात 12:18 बजे लखनऊ पहुंची और सुबह 7:56 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। वहीं गुवाहाटी से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E6317 रात 12:26 बजे लखनऊ उतरी और सुबह 3:21 बजे रवाना हुई। इसके अलावा नागपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6E6573 रात 12:42 बजे लखनऊ पहुंची और सुबह 3:12 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि लखनऊ में ठहराव के दौरान यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।


