प्रयागराज : एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या
प्रयागराज (जनवार्ता)। जिले के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हमलावरों ने धारदार एवं भारी हथियार से सिर पर वार कर वारदात को अंजाम दिया।


मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने घर के बाहर और आंगन में खून से लथपथ शव पड़े देखे तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू तथा उनके दो भाइयों की पत्नियों के रूप में हुई है। वारदात के समय घर में एक अन्य करीब 60 वर्षीय महिला भी मौजूद थी, जो सुरक्षित है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि श्यामलाल के दोनों भाई दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
इस नृशंस ट्रिपल मर्डर की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

