विधिक सहायता शिविर में किसानों को मिला योजनाओं का लाभ
ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी देकर किया सम्मानित
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी के तत्वावधान में बीएचयू स्थित स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में कृषि विभाग ने किसानों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया। इस दौरान कृषि क्षेत्र में आधुनिक यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के लाभार्थियों को माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कर-कमलों द्वारा ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी किसानों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मिनी किट वितरण एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके साथ ही विभाग की ओर से सेवा शिविर लगाकर किसानों को कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों को शासन की कृषि संबंधी योजनाओं से जोड़ना, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना रहा। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें सरकारी सुविधाओं का अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर दिया।

