विजया नगरम मार्केट में फिर पकड़ी गई अवैध शराब, पान की गुमटी से बरामद हुआ जखीरा
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा थाना क्षेत्र के विजया नगरम मार्केट में पुलिस ने एक बार फिर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। छापेमारी के दौरान पान की एक गुमटी के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 20 हजार रुपये मूल्य की शराब जब्त की गई। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, विजया नगरम मार्केट में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर सिगरा पुलिस ने रविवार देर रात छापेमारी की। जांच के दौरान गुमटी के नीचे छिपाकर रखी गई शराब और बीयर बरामद हुई, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इसी मार्केट में अवैध शराब कारोबार का खुलासा हो चुका है। वहीं, निर्धारित समय के बाद चोरी-छिपे शराब बेचने की शिकायत पर मॉडल वाइन शॉप के कर्मचारियों को भी चेतावनी दी गई थी।
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में संतोष का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

