आम से भरे ट्रक ने पिता-पुत्र को रौंदा
पिता की मौत, बेटा गंभीर
तीन घंटे तक जाम रहा बनारस-लखनऊ हाईवे
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर मोड़ के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आम से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे पैदल जा रहे पिता-पुत्र को कुचल दिया। हादसे में 65 वर्षीय छेदी प्रजापति उर्फ भूरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा काशीराम उर्फ शोले गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार, तरना के हटिया गांव निवासी छेदी प्रजापति अपने बेटे के साथ ठेले पर पुरुवा लेकर शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड से सुद्धिपुर जाने वाले मार्ग पर पीछे से आ रहे आम से लदे डीसीएम ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। अनियंत्रित ट्रक दोनों को रौंदते हुए पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छेदी प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटनास्थल पर सड़क पर मिट्टी फैली हुई थी। पास की वीर नगर कॉलोनी में निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर गिरी मिट्टी के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह बेकाबू होकर पलट गया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को भी हादसे की प्रमुख वजह बताया है।
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आरोपी चालक की गिरफ्तारी तथा सड़क पर मिट्टी डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बनारस-लखनऊ हाईवे जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर एसडीएम सदर नितिन सिंह, एडीएम सिटी राजेश कुमार, एडीसीपी वरुणा जोन, एसीपी सारनाथ और शिवपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित मुआवजा, घायल के बेहतर इलाज तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल प्रतापगढ़ पंजीकृत डीसीएम (यूपी-72 टी-3251) का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। साथ ही सड़क पर मिट्टी डालने वाले की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुद्धिपुर मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पर निर्माण सामग्री पड़े रहने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। लोगों ने यहां स्पीड ब्रेकर, स्थायी पुलिस पिकेट और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

