वाराणसी में ईवीएम-वीवीपैट का डीएम ने किया त्रैमासिक निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था पर दिया विशेष जोर
वाराणसी (जनवार्ता) । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला मजिस्ट्रेट एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को सदर तहसील स्थित ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम को 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश देते हुए कहा कि वेयरहाउस में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को परिसर एवं संबंधित कक्षों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की स्थिति, सुरक्षा उपकरणों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संधारित अभिलेखों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की संभावना न रहे।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम (प्रशासन) पंकज कुमार, एसडीएम सदर नितिन सिंह, जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

