संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरी पुलिसकर्मी की पत्नी, मौत

संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरी पुलिसकर्मी की पत्नी, मौत

वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के विवेकपुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह एक पुलिसकर्मी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, चंदौली पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात कमलेश कुमार राय, मूल निवासी बलिया जनपद, पिछले चार माह से अपनी पत्नी सुनीता चौधरी (37) और पुत्र के साथ विवेकपुरम कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे।

बुधवार सुबह करीब आठ बजे सुनीता चौधरी संदिग्ध परिस्थितियों में मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं। आसपास के लोगों और अन्य किरायेदारों ने उन्हें तत्काल भरलाई स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पति कमलेश कुमार राय ने बताया कि वह चंदौली पुलिस लाइन से रात्रि ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी पत्नी छत पर कपड़े सुखाने गई होंगी और संभवतः संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गईं।

शिवपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़े   समय पर पूरी करे देव दीपावली की तैयारियां : मंडलायुक्त

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *