भयमुक्त माहौल और वंचितों को न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता
सादात थाना प्रभारी तारावती यादव ने संभाला कार्यभार
गाजीपुर (जनवार्ता)। सादात थाने की नवागत थाना प्रभारी तारावती यादव ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण कायम रखना, वंचितों को त्वरित न्याय दिलाना और महिलाओं, युवतियों एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग और सहभागिता से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। समाज के सम्मानित लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। उन्होंने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे अपराध का रास्ता छोड़ दें, अन्यथा कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे और उन्हें जेल भेजा जाएगा।
थाना प्रभारी तारावती यादव ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले तारावती यादव भड़कुड़ा, सुहवल और मरदह थानों में बतौर प्रभारी अपनी कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग की अलग पहचान बना चुकी हैं। अपने सरल एवं संवेदनशील व्यवहार के कारण आमजन के बीच उनकी अच्छी छवि रही है, वहीं अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए भी वे जानी जाती हैं।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में सादात थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिलेगा।

