पांडेयपुर चौराहे के जाम से राहत दिलाने की तैयारी तेज
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल पांडेयपुर चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कवायद तेज कर दी है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेयपुर चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चौराहे के समीप लगे डिवाइडर को हटाने तथा ऑटो चालकों के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए अलग से ऑटो स्टैंड चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनावश्यक वाहनों का दबाव कम कर यातायात को सुगम बनाया जाए, जिससे आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
नगर आयुक्त ने नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को आर्किटेक्ट आफताब, पीडब्ल्यूडी और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पांडेयपुर चौराहे के पुनर्विकास एवं सुंदरीकरण की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्ध तरीके से योजना को धरातल पर उतारने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद अशोक कुमार मौर्या, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह तथा पीडब्ल्यूडी के अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम के अनुसार, प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद पांडेयपुर चौराहे की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और लोगों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

