अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में मिला प्रवेश
वाराणसी (जनवार्ता) । क्षेत्र की दो मेधावी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर स्थित आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़ी मेंहदीगंज निवासी गुड़िया और परमानंदपुर निवासी मुस्कान का चयन अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के स्नातक (यूजी) कार्यक्रम में 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति के साथ हुआ है। दोनों छात्राओं को चार वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 21.20 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिली है। इस प्रकार दोनों को कुल 42.40 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।


गुड़िया का चयन बीएससी बायोलॉजी तथा मुस्कान का बीएससी केमिस्ट्री पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं क्रमशः बुनकर मजदूर और किसान परिवार से हैं। उनकी इस सफलता पर रविवार को लोक समिति पुस्तकालय भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां आशा पुस्तकालय के संयोजक पंचमुखी सिंह ने दोनों छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों के लिए अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय स्तर पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित करती है। इसमें सफल होने वाले चुनिंदा विद्यार्थियों को ही 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में नागेपुर के ग्राम प्रधान मुकेश कुमार, पंचायत सचिव सुरजीत गुप्ता, गंजारी के ग्राम प्रधान अमित कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दोनों छात्राओं को उपहार एवं मिठाई देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं के साथ आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़े अनेक विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने दोनों मेधावी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

