श्रावण मास के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में प्रोटोकॉल दर्शन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

श्रावण मास के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में प्रोटोकॉल दर्शन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

मंडलायुक्त और पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक संपन्न

वाराणसी  (जनवार्ता) । श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रावण मास-2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, दर्शन व्यवस्था, चिकित्सा, पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई और यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

rajeshswari

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण सहित प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और मंदिर न्यास के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त तक रहेगा। श्रावण के दौरान धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सकीय सुविधा, ओआरएस, औद्योगिक एयर कूलर, ई-रिक्शा, सुरक्षा और सुगम दर्शन की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। धाम के बाहर लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने तथा सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा उपकरणों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।

मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरे श्रावण मास में किसी भी प्रकार के प्रोटोकॉल या विशेष दर्शन की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार से ही दर्शन करना होगा। प्रशासन ने लोगों से दलालों और विशेष दर्शन के नाम पर धन मांगने वालों से सावधान रहने की अपील की है।

श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे खाली पेट कतार में न लगें तथा मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, बड़े बैग, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं साथ लेकर न आएं। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए निःशुल्क बैगेज काउंटर संचालित नहीं किए जाएंगे।

इसे भी पढ़े   14 साल बाद भारत लौटे फुटबॉल आइकन लियोनल मेसी, कोलकाता में 70 फीट ऊंची प्रतिमा का उद्घाटन

श्रावण के चारों सोमवार पर बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार होगा। वहीं वृद्ध, दिव्यांग और अशक्त श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क गोल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। धाम परिसर और प्रमुख स्थानों पर खोया-पाया केंद्र, चिकित्सा शिविर तथा केंद्रीय पीए सिस्टम भी संचालित रहेगा।

जो श्रद्धालु धाम नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और अधिकृत प्रसारण माध्यमों पर बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन की व्यवस्था भी की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *