दशाश्वमेध घाट पर भगवान शिव और स्वच्छ गंगा को समर्पित होगी देव दीपावली की महाआरती

दशाश्वमेध घाट पर भगवान शिव और स्वच्छ गंगा को समर्पित होगी देव दीपावली की महाआरती

21 बटुक और 21 डमरुदल बढ़ाएंगे आयोजन की शोभा

वाराणसी। काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली पर प्राचीन दशाश्वमेध घाट इस बार भगवान शिव, काशी की आध्यात्मिक विरासत और स्वच्छ गंगा को समर्पित भव्य आयोजन का साक्षी बनेगा। गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित होने वाली मां गंगा की महाआरती में वैदिक परंपरा, आध्यात्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ गंगा का संदेश देते हुए पर्यावरण अनुकूल दीपदान किया जाएगा।

rajeshswari

रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने बताया कि 36 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार दशाश्वमेध घाट पर वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन-स्तवन किया जाएगा। इस दौरान 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक कर गंगा निर्मलीकरण का संकल्प दोहराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गंगा तट पर सिंहासनारूढ़ मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु निर्मित श्रृंगारिक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। शास्त्रोक्त विधि से पूजन के साथ पूरे घाट को 500 किलोग्राम देशी और विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। महाआरती के दौरान ऋद्धि-सिद्धि के रूप में बेटियां नेतृत्व करेंगी, जिसके माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान का संदेश दिया जाएगा।

इस वर्ष आयोजन में 21 बटुकों के साथ 21 डमरुदल मां गंगा की आरती की भव्यता बढ़ाएंगे। आयोजन की अध्यक्षता सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे। मां गंगा की महाआरती के पश्चात काशी के लोकप्रिय गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। महोत्सव का संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं गंगा सेवक राजेश शुक्ला करेंगे।

इसे भी पढ़े   वाराणसी में 17 अवैध नशा मुक्ति केंद्र बेनकाब

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन में वाराणसी के जनप्रतिनिधियों, देश-विदेश से आमंत्रित अतिथियों और प्रतिष्ठित बैंकों के अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। इसके अतिरिक्त देव दीपावली के अवसर पर काशी के पौराणिक केदार घाट पर भी पं. सुनील कुमार दुबे के संयोजन में मां गंगा की भव्य और विराट आरती आयोजित की जाएगी।

प्रेसवार्ता में समिति के संरक्षक पं. कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, संकठा प्रसाद, संजय यादव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *