चीन की जूता फैक्ट्री में भीषण आग से 28 की मौत

चीन की जूता फैक्ट्री में भीषण आग से 28 की मौत

राहत एवं बचाव अभियान जारी

बीजिंग (जनवार्ता)। चीन के पूर्वी फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर स्थित एक जूता निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में दमकलकर्मी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और फंसे लोगों को निकालने में जुट गए। कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

rajeshswari

चीनी सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, आग दोपहर लगभग 12:04 बजे फैक्ट्री के भूतल से शुरू हुई, जहां जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाला गोंद और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी कारण आग ने कुछ ही समय में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के वीडियो में बहुमंजिला इमारत से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया, जबकि कई लोग इमारत की छत पर फंसे नजर आए।

बचाव अभियान में 183 राहतकर्मी और 35 दमकल वाहन लगाए गए हैं। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, हालांकि इमारत के कुछ हिस्सों में अब भी धुआं और गर्मी के कारण राहतकर्मियों को प्रवेश करने में कठिनाई हो रही है। आशंका है कि कुछ लोग अभी भी इमारत के भीतर फंसे हो सकते हैं।

घटना के बाद चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और आग लगने के कारणों की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतकों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इसे भी पढ़े   पूनम पांडे की मौत! अब तक नहीं मिले इन 5 सवालों के जवाब

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की संभावना जताई गई है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *