खड़े ट्रक से टकराई कार, पिता-पुत्रवधू की मौत
मिर्जापुर (जनवार्ता)। कछवां थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम सड़क किनारे खड़े ट्रक से स्विफ्ट कार टकरा गई। हादसे में पिता और पुत्रवधू की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा पुत्र मामूली रूप से घायल हो गया।

प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल अपने कैंसर पीड़ित पिता प्रभात अग्रवाल (63) और पत्नी प्रगति खंडेलवाल (27) के साथ वाराणसी से इलाज कराकर लौट रहे थे। कटका गोदाम (पड़ाव) के पास सड़क किनारे खड़े ट्रकों की कतार में उनकी कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और प्रगति की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल प्रभात अग्रवाल की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि शिवम को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार हटवाकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी खड़े ट्रकों के कारण कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

