श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापारियों संग पुलिस ने की बैठक
सुरक्षा और सुविधाओं पर दिए गए अहम निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने शुक्रवार को व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, एसीपी पिंडरा एवं राजातालाब के अलावा बड़ागांव, राजातालाब, मिर्जामुराद, फूलपुर और जंसा के थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।


बैठक में पुलिस उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी ढाबों और होटलों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बिजली, स्वच्छता तथा निर्धारित रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। काशी ढाबा सहित सभी प्रमुख ढाबों पर कांवड़ियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्गों से करीब 200 मीटर दूर अथवा गांव के अंदर ही मीट और मछली की दुकानें संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने तथा जहां कैमरे नहीं हैं, वहां शीघ्र स्थापित कराने का अनुरोध किया गया।
डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने तथा चालक का नाम और मोबाइल नंबर संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रमुख मंदिरों में बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने कछवा, बाबतपुर, हरहुआ और अन्य प्रमुख स्थानों पर मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने, रखौना, हरहुआ चौराहा, पंचकोशी मार्ग और सिंधोरा चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए। जंसा थाना क्षेत्र स्थित रामेश्वर धाम में अस्थायी पुलिस चौकी, गोताखोर, मेडिकल टीम, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक के अंत में पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने व्यापारियों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

