त्रिपुरा के डीजीपी का पुलिस मुख्यालय में मिला शव

त्रिपुरा के डीजीपी का पुलिस मुख्यालय में मिला शव

अगरतला । त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ का सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय में शव मिलने से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों ने उन्हें अचेत अवस्था में पाकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

rajeshswari

प्रारंभिक पुलिस जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। उनका शव फिलहाल अगरतला स्थित गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल में रखा गया है।

अनुराग धनखड़ 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी थे और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवासी थे। उन्होंने अपने लंबे सेवा काल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे 1984 के सिख विरोधी दंगों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के प्रमुख भी रहे।

उन्होंने वर्ष 2003-04 में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के कोसोवो मिशन में सेवाएं दीं। इसके अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान सीबीआई, सीआईएसएफ और पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी) में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। सितंबर 2023 में उन्हें त्रिपुरा में एडीजीपी बनाया गया था और बाद में राज्य का डीजीपी नियुक्त किया गया।

अनुराग धनखड़ ने फूड टेक्नोलॉजी में स्नातकोत्तर, पुलिस प्रबंधन में मास्टर्स तथा साइबर क्राइम में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया था। उन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस मेडल और राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृत्यु के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

इसे भी पढ़े   "श्री काशी विश्वनाथ धाम में गूंजा – बंद करें पॉलिथीन, काशी को बनाएं सुंदर और क्लीन"
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *