जनता दर्शन में रोहनिया विधायक ने सुनीं जनसमस्याएं
अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया विधायक एवं अपना दल (एस) के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुनील पटेल ने बुधवार को कनेरी-मोहनसराय स्थित जनसहयोग कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान रोहनिया विधानसभा सहित आसपास के क्षेत्रों और अन्य जनपदों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने अपनी शिकायतें विधायक के समक्ष रखीं।

जनता दर्शन में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, राशन और राजस्व से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। विधायक डॉ. सुनील पटेल ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दर्शन का उद्देश्य आम लोगों और शासन-प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करना तथा लोगों को समयबद्ध न्याय दिलाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवा मंच के जिलाध्यक्ष मानव सिंह, राजकुमार वर्मा, श्यामबली पटेल, विनोद पटेल, गोविंद पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

