राजातालाब तहसील में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
वाराणसी (जनवार्ता)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को राजातालाब तहसील के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

दोपहर करीब 12 बजे अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जुलूस निकालकर दिल्ली पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान “छात्रों के सम्मान में अधिवक्ता मैदान में”, “दिल्ली पुलिस मुर्दाबाद” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए गए।
बार संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में उन पर बल प्रयोग किया जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी नागरिकों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार है।
प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।

