तीन बच्चों की मां ने प्रेमी संग रचाई शादी, पहले पति की मौजूदगी में मंदिर में लिए सात फेरे
चंदौली (जनवार्ता)। सकलडीहा तहसील परिसर स्थित मंदिर में बुधवार को एक अनोखा विवाह चर्चा का विषय बन गया। तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए। विवाह के दौरान महिला का पहला पति भी मौके पर मौजूद रहा। पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, महिला सकलडीहा क्षेत्र की निवासी है। बताया जा रहा है कि वह अपने पहले पति से अलग होकर प्रेमी के साथ नया जीवन शुरू करना चाहती थी। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।
महिला के पहले पति का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से उसकी पत्नी का प्रेमी के साथ संबंध था, जिससे उनका परिवार बिखर गया। वहीं महिला ने पति पर मारपीट, प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी इच्छा से यह विवाह कर रही है।
प्रेमी ने बताया कि उसकी मुलाकात महिला से ट्रेन यात्रा के दौरान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने विवाह करने का निर्णय लिया।
विवाह के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होता रहा। फिलहाल दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे किए हैं। मामले में यदि कोई कानूनी विवाद सामने आता है तो संबंधित एजेंसियां नियमानुसार कार्रवाई करेंगी।

