बरेका ने रचा नया इतिहास, जुलाई में बनाए रिकॉर्ड 65 विद्युत रेल इंजन

बरेका ने रचा नया इतिहास, जुलाई में बनाए रिकॉर्ड 65 विद्युत रेल इंजन

वाराणसी (जनवार्ता) । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जुलाई 2026 में एक ही माह के दौरान 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर नया इतिहास रच दिया है। यह बरेका के इतिहास में किसी भी एक महीने का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। इससे पहले मार्च 2025 में 61 इंजनों के निर्माण का रिकॉर्ड था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है।

rajeshswari

जुलाई 2026 में बरेका ने भारतीय रेल के लिए 44 डब्ल्यूएजी-9एचसी (WAG-9HC) मालवाहक, 13 डब्ल्यूएपी-7 (WAP-7) यात्री तथा 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजनों का सफलतापूर्वक निर्माण किया। इस उपलब्धि को बरेका की आधुनिक तकनीक, उच्च उत्पादन क्षमता और कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली का परिणाम माना जा रहा है।

बरेका की स्थापना से अब तक कुल 11,445 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। वहीं “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” अभियान के तहत बरेका 11 देशों को अब तक 182 रेल इंजनों का निर्यात भी कर चुका है। इनमें मोजाम्बिक, म्यांमार, श्रीलंका, सूडान, तंजानिया, बांग्लादेश, माली, सेनेगल, अंगोला, वियतनाम और मलेशिया शामिल हैं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि बरेका वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रेल मंत्रालय द्वारा निर्धारित 468 विद्युत रेल इंजनों के उत्पादन लक्ष्य को भी समय से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करेगा।

बरेका की यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान और भारत को वैश्विक रेल विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

इसे भी पढ़े   वाराणसी : सरैया गांव में मालवाहक की टक्कर से गिरी दीवार गिरी, 5 वर्षीय मासूम की मौत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *