सावन के अंतिम बुधवार को वैश्य समाज करेगा बाबा विश्वनाथ का सामूहिक जलाभिषेक
वाराणसी (जनवार्ता)। सर्व वैश्य समाज जलाभिषेक समिति की ओर से सावन के अंतिम बुधवार, 26 अगस्त को बाबा विश्वनाथ का सामूहिक जलाभिषेक किया जाएगा। जिसमें आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को सर्किट हाउस में समिति अध्यक्ष आरके चौधरी की अध्यक्षता और मंत्री रवींद्र जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में बैठक हुई। इस दौरान अध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि दोपहर तीन बजे लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन से कलश यात्रा निकलेगी और श्रद्धालु गंगा, यमुना, सरस्वती, सरयू, ऋषिकेश व प्रयागराज संगम समेत विभिन्न पवित्र नदियों के जल के साथ दूध, पंचामृत और गन्ने के रस से भरे कलश लेकर चलेंगे।


उन्होंने कहा कि ढोल-नगाड़े, डमरू दल और भगवान के स्वरूपों से सुसज्जित यात्रा गिरजाघर, गोदौलिया और बांसफाटक होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगी। जबकि महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने बताया कि बाबा का विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक करने के बाद शंकराचार्य चौक स्थित पंडाल में भजन गायक शेखर जायसवाल भजनों की प्रस्तुति देंगे एवं बनारसी कचौड़ी-सब्जी और जलेबा का भंडारा भी होगा। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रति युवा पीढ़ी में जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। इसमें वैश्य समाज के विभिन्न घटकों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

