कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान: संदीप कुमार
वाराणसी (जनवार्ता) । पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पूर्वांचल डिस्कॉम) के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक संदीप कुमार (आईएएस) से मंगलवार को विद्युत मजदूर पंचायत, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों को प्रबंध निदेशक के समक्ष रखा। संदीप कुमार ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की वास्तविक और न्यायोचित समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी निगम की महत्वपूर्ण पूंजी हैं और उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वांचल डिस्कॉम की कार्यक्षमता बढ़ाने, उपभोक्ता सेवाओं में सुधार और निगम के विकास के लिए प्रबंधन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय से निगम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय कार्यवाहक महामंत्री डॉ. आरबी सिंह, प्रांतीय अतिरिक्त महामंत्री ओपी सिंह, प्रांतीय मंत्री जिउतलाल, जिलाध्यक्ष विजय सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल मंत्री अंकुर पाण्डेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

