जौनपुर : एसपी कार्यालय के पास युवती ने खाया जहरीला पदार्थ
गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
जौनपुर (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गुरुवार दोपहर एसपी कार्यालय के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 20 वर्षीय युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची लाइन बाजार पुलिस ने युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।


युवती की पहचान बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी रमेश चंद्र तिवारी की पुत्री महिमा तिवारी के रूप में हुई है। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. सलमान अंसारी के मुताबिक युवती को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी भेज दिया गया।

बताया गया कि युवती किसी मामले में न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। युवती ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी और पुलिस में शिकायत किए दो महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उसने पुलिस अधिकारियों से कई बार मिलकर कार्रवाई की मांग किए जाने की भी बात कही।
एसएसपी ने बताया पुराना विवाद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया। उनके अनुसार युवती का एक युवक से करीब दो वर्षों से संपर्क था। करीब दो वर्ष पूर्व दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित मुकदमे दर्ज कराए गए थे।
एसएसपी के मुताबिक विवेचना के दौरान युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर है। युवती की ओर से सात अगस्त को युवक पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
गुरुवार को एसपी कार्यालय के पास हुई घटना की भी पुलिस गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

