मडियाहूं : ड्रोन कैमरे से अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार

मडियाहूं : ड्रोन कैमरे से अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार

जौनपुर में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 215 किलो तैयार पटाखे समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

जौनपुर (जनवार्ता) । दीपावली से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मडियाहूं थाना क्षेत्र के भंडरिया टोला में पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी कर अवैध पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे, विस्फोटक सामग्री और पटाखा बनाने के उपकरण बरामद करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मडियाहूं गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ मुखबिर की सूचना पर भंडरिया टोला में कार्रवाई की। इस दौरान ड्रोन कैमरे से निगरानी कर अवैध रूप से संचालित पटाखा निर्माण इकाई का पता लगाया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23), निवासी भंडरिया टोला, थाना मडियाहूं को गिरफ्तार किया।

215 किलो तैयार पटाखे बरामद

पुलिस की बरामदगी सूची के अनुसार, मौके से करीब 155 किलो अनार पटाखे, 60 किलो सुतली बम और 19.5 किलो सिंघाड़ा पटाखा बरामद किया गया। इसके अलावा 37 किलो शोरा, 16 किलो बारूद पाउडर, 23.4 किलो गंधक, 15.2 किलो कोयला पाउडर, 9 किलो लकड़ी का बुरादा और 6.8 किलो एल्यूमीनियम की कतरन समेत पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली।

इसे भी पढ़े   मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर भाजपा की कार्यशाला संपन्न

पुलिस ने पटाखों के कवर, बत्ती, सुतली, कागज, रंगीन रैपर और अन्य निर्माण सामग्री के साथ प्लास, कैंची, चाकू, सूजा, पाइप, कटर मशीन, तराजू और बाट भी बरामद किए। मौके से पटाखों के लिए इस्तेमाल होने वाली 1530 खाली मिट्टी की घरिया तथा एक ड्रोन कैमरा भी मिला।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मडियाहूं में मुकदमा अपराध संख्या 433/2026, धारा 5/9बी(1)(ए)(बी), विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह, उपनिरीक्षक प्रसिद्ध नारायण सिंह सहित थाना मडियाहूं की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पटाखा बनाने, भंडारण करने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *