बड़ागांव में राहगीर से लूट के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ागांव थाना क्षेत्र में राहगीर को रोककर बैग, मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूटने के मामले में पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुमित पटेल (23) निवासी धारुपुर भीटी, थाना बड़ागांव को कोईरीपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई की रात हथिवार चौराहा से अहरक जाने वाले मार्ग पर निवाह और नहर पुलिया के बीच बाइक सवार बदमाशों ने अखिलेश कुमार विश्वकर्मा को रोककर उनका बैग, मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे। मामले में बड़ागांव थाने में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इससे पहले 9 अगस्त को आदित्य पटेल (19) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने गुरुवार को सुमित पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
सुनसान स्थानों पर राहगीरों को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में सुमित ने कथित तौर पर बताया कि वह 21 जुलाई की रात अपने साथियों के साथ राहगीर को डराकर लूटने की वारदात में शामिल था। उसके अनुसार, लूटे गए बैग में मोबाइल, पर्स, दवाएं और अन्य सामान के अलावा करीब 20 हजार रुपये नकद थे। लूट की रकम साथियों में बांट ली गई थी और उसके हिस्से में आई रकम उसने खर्च कर दी।
आरोपी के मुताबिक, वे तीन-चार लोगों का समूह बनाकर अलग-अलग मोटरसाइकिलों से निकलते थे। वाहनों की नंबर प्लेट को कीचड़ या काली पट्टी से ढक दिया जाता था। एक साथी पहले रेकी करता था और सुनसान स्थान पर राहगीरों को रोककर बैग, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया जाता था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र धर दूबे और उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव शामिल रहे।

