आदित्य नगर पार्क में रोपे पौधे, हरित काशी का लिया संकल्प
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आदित्य नगर पार्क में पौधरोपण अभियान चलाया गया। नगर निगम से पार्क को गोद लेकर यहां सघन वन विकसित करने की पहल की गई।


पर्यावरणविद् एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास तथा गंगा हरितिमा अभियान के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। उन्होंने स्वयं पौधा रोपित किया और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पार्क में आम, अमरूद, आंवला, बेल, नींबू और महुआ सहित विभिन्न फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित नागरिकों, सीआरपीएफ जवानों और कार्यकर्ताओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर ने की। उन्होंने ग्रामवासियों, सृजन संस्था के सदस्यों और सीआरपीएफ जवानों के प्रयासों की सराहना करते हुए काशी को हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए निरंतर पौधरोपण करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रोहित सिंह, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, सुरेश पटेल ‘गुड्डू’, सौरभ पटेल सहित राजू वर्मा, अजय विश्वकर्मा, रितेश राय, श्रेयांश वलोरा सोम, मनोज कुमार, प्रवीण सिंह, नगर निगम के माली तथा सीआरपीएफ की टीम मौजूद रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी” के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

