मिट्टी का घर गिरने से पति-पत्नी घायल
सरकारी आवास में रिश्वत मांगने के आरोप से उठे सवाल
वाराणसी (जनवार्ता)। सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23 स्थित संत रविदास मंदिर के पीछे दलित बस्ती में मंगलवार तड़के तेज बारिश के दौरान एक मिट्टी का घर भरभराकर गिर गया। हादसे में घर में सो रहे रामजी और उनकी पत्नी निर्मला मलबे में दबकर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बेटे मदन और बेटी को भी हल्की चोटें आई हैं।


हादसे में परिवार की एक बकरी और पालतू कुत्ते की मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद कर घायलों को बाहर निकाला।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि परिवार का सरकारी आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने की प्रक्रिया में था। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई और मांग पूरी नहीं होने पर आवास को रिजेक्ट कर दिया गया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना पर लेखपाल कुंदन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि 48 घंटे के भीतर सरकारी स्तर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और आवास दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर लाल बहादुर यादव ने परिवार को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इस दौरान सपा नेता अमन यादव, महानगर अध्यक्ष बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सरकारी आवास में रिश्वत मांगने के आरोप की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, पक्का आवास और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

