सड़क दुर्घटना में आरक्षी महेश कुमार का निधन, पुलिस आयुक्त ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
वाराणसी (जनवार्ता)। सड़क दुर्घटना में पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी महेश कुमार का असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से कमिश्नरेट पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिसमें बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें अंतिम नमन किया। वही वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर भर्ती हुए महेश कुमार वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात थे।


पुलिस आयुक्त ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने इस कठिन घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी सहकर्मी का असमय निधन पूरे पुलिस परिवार के लिए अत्यंत दुखद है। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

