ढाबा कर्मचारी पर प्राणघातक हमले के मामले में आरोपी गिरफ्तार
घटना में वाहन का शीशा तोड़ने का भी आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना पुलिस ने प्राणघातक हमला, गाली-गलौज और वाहन का शीशा तोड़ने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को लंका थाना क्षेत्र के मनोरथपुरी कॉलोनी, सुसुवाही करमनबीरपुर से गुरुवार की रात मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को वादी ने रोहनिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके ढाबे पर काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ आरोपितों ने गाली-गलौज की और वहां से चले गए। पीछा करने पर आरोपितों ने एक राय होकर वादी पर प्राणघातक हमला करते हुए मारपीट की तथा उसकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। तहरीर के आधार पर रोहनिया थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम सिंह उर्फ छोटू उर्फ आनंद कुमार सिंह उर्फ बबलू, निवासी ग्राम नुवांव, पोस्ट नैपुरा डाफी, थाना लंका, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 27 वर्ष बताई गई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0265/2026 में बीएनएस की धारा 191(2), 109(1), 115(2), 352 और 324(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राजपूत, श्याम बाबू, मो. परवेज, धनंजय सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिल्पा सिंह, महिला उपनिरीक्षक माधसी देवी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

