यूपी में 41 पीसीएस अफसरों के तबादले, वाराणसी को नया नगर मजिस्ट्रेट
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को 41 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची के तहत कई जिलों के एडीएम, नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम और विकास प्राधिकरणों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी महेंद्र कुमार सिंह को वाराणसी का नया नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं आजमगढ़ के एसडीएम संजय चावला को पदोन्नत कर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। जौनपुर की एसडीएम बिंदु लता को कानपुर नगर में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा महोबा, झांसी, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत, बस्ती, प्रयागराज, चंदौली, गाजीपुर, चित्रकूट समेत कई जिलों में भी बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के अनुसार यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिससे जिलों में प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

