बंद दुकानों का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र में पुष्पराज सिनेमा हॉल के समीप स्थित खराद व गैस वेल्डिंग की दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। मंगलवार की रात दुकानों का ताला तोड़कर चोर करीब एक लाख रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। बुधवार सुबह दुकान पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
दीनदयालपुर, शिवपुर निवासी रविशंकर विश्वकर्मा ने बताया कि पुष्पराज सिनेमा हॉल के समीप उनकी खराद की दुकान है। बगल में पांडेयपुर निवासी संजय विश्वकर्मा की गैस वेल्डिंग की दुकान है। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दोनों अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह दुकान पहुंचने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला।

रविशंकर के अनुसार, चोर उनकी दुकान से करीब 20 हजार रुपये कीमत के करंक रॉड के अलावा ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए दिए गए मोटरसाइकिल के कीमती उपकरण उठा ले गए। वहीं, संजय विश्वकर्मा की गैस वेल्डिंग की दुकान से करीब ढाई हजार रुपये कीमत की ड्रिल मशीन और ढाई से तीन हजार रुपये कीमत का हैंड ग्राइंडर चोरी हुआ है। पीड़ितों के मुताबिक चोरी गए अन्य सामान की कीमत जोड़ने पर नुकसान करीब एक लाख रुपये का है।
घटना की जानकारी 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। इसके बाद पीड़ितों ने शिवपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

