जौनपुर खाद्यान्न घोटाले में तत्कालीन कोटेदार गिरफ्तार

जौनपुर खाद्यान्न घोटाले में तत्कालीन कोटेदार गिरफ्तार

4.03 लाख की सरकारी क्षति का आरोप

rajeshswari

वाराणसी। चर्चित जौनपुर खाद्यान्न घोटाले के मामले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की वाराणसी सेक्टर टीम ने बुधवार को तत्कालीन कोटेदार उदयभान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान उदयभान सिंह पुत्र स्व. ज्ञानबहादुर सिंह, निवासी ग्राम बुढ़नेपुर, विकासखंड बदलापुर, थाना खुटहन, जौनपुर के रूप में हुई है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार आरोपी को बुधवार सुबह जौनपुर से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई मु0अ0सं0-08/2020 में दर्ज मामले की विवेचना तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत की गई। मामले में धारा 409, 467, 468, 471, 477ए, 120बी और 34 भादवि के तहत कार्रवाई चल रही है।

मामला वर्ष 2004-05 के दौरान बदलापुर विकासखंड के विभिन्न गांवों में संचालित सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना से जुड़ा है। योजना के तहत नाली, खड़ंजा, संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य, सीसी रोड, पुलिया निर्माण और पटरी मरम्मत जैसे कार्य कराए जाने थे। इन कार्यों में लगे मजदूरों को मजदूरी के बदले खाद्यान्न और नकद धनराशि दिए जाने का प्रावधान था।

ईओडब्ल्यू का आरोप है कि तत्कालीन कोटेदार उदयभान सिंह समेत अन्य आरोपियों ने फर्जी मस्टर रोल तैयार कर वास्तविक मजदूरों को खाद्यान्न और नकद राशि का वितरण नहीं किया। इससे सरकारी खजाने को करीब 4 लाख 3 हजार 225 रुपये की क्षति होने का आरोप है। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात ईओडब्ल्यू ने कही है।

गिरफ्तार आरोपी को वाराणसी स्थित विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय-2 के समक्ष पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़े   बाबा लाट भैरव के दरबार में छाई मेंहदी की लाली, सूर्योदय पर सजेगा मौर

गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, करुणेश सिंह, मुख्य आरक्षी विनीत पांडे और सरफराज अंसारी, ईओडब्ल्यू वाराणसी सेक्टर शामिल रहे ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *