रुस्तमपुर में जमीनी विवाद में मारपीट, अधेड़ व्यक्ति की मौत
चौबेपुर (जनवार्ता):
स्थानीय थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव में बुधवार की शाम को जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम रुस्तमपुर में जमीन को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। इस झगड़े में आजाद कुमार मिश्रा (पुत्र स्वर्गीय राम मूर्ति मिश्रा, उम्र करीब 50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों एवं परिजनों के सहयोग से घायल को तुरंत एक नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने जनवार्ता प्रतिनिधि को बताया कि जमीनी विवाद में मारपीट के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने मामले से संबंधित एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और तदनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और घटना को लेकर गांव में सनसनी फैली हुई है।

