छोटी घटनाएं ना बनने पाए बड़ी, डीएम-एसपी रखें नजर : मुख्यमंत्री योगी
पुलिस-राजस्व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
लखनऊ (जनवार्ता) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनशिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले लोग छोटी घटनाओं को बड़ा रूप देने का प्रयास करते हैं। इसलिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में छोटी से छोटी घटना पर भी नजर रखें।


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें, पीड़ित की बात सुनें और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। छोटी-छोटी घटनाओं में उदासीनता और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हर पीड़ित की सुनी समस्या
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने कुर्सियों पर बैठे प्रत्येक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और विद्युत समेत विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था कराने तथा भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस संबंधी शिकायतों पर सख्त रुख
जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व से जुड़ी शिकायतें अधिक आने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से जनसमस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी मातहत की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने को कहा।
बच्चे से पूछा हालचाल, चॉकलेट को लेकर खिलखिला उठा हॉल
जनता दर्शन में मां के साथ पहुंचे एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसका हालचाल पूछा और यह भी जाना कि वह कहां पढ़ता है। मुख्यमंत्री ने बच्चे की ओर चॉकलेट बढ़ाई तो उसने तुरंत चॉकलेट ले ली। कुछ देर बाद मुख्यमंत्री ने चॉकलेट वापस मांगी, लेकिन बच्चे ने देने से इनकार कर दिया। इस पर जनता दर्शन का पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने बच्चे को सुखद भविष्य का आशीर्वाद देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

