इंडेन गैस एजेंसी के संचालन को लेकर भाजपा नेता ने की शिकायत
सोनभद्र (जनवार्ता)। भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं वरिष्ठ नेता अनिल द्विवेदी ने बुधवार को लखनऊ स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के कार्यालय में प्रदेश प्रमुख भोद्रो लकरा से मुलाकात कर रॉबर्ट्सगंज स्थित इंडेन गैस एजेंसी के संचालन को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर कार्रवाई की मांग की।
द्विवेदी के अनुसार, उन्होंने विभूति खंड, गोमती नगर स्थित कार्यालय में दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि रॉबर्ट्सगंज गैस एजेंसी विशेष आरक्षित कोटे के तहत आवंटित है और इसके संचालन को लेकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने विनय अग्रवाल पर एजेंसी का कथित रूप से अवैध संचालन करने, KYC के नाम पर अतिरिक्त राशि लेने तथा होम डिलीवरी के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किए जाने के आरोप लगाए हैं।
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी के गोदाम से संबंधित बैनामा/रजिस्ट्री नियमों के विपरीत की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि गोदाम का स्वामित्व हस्तांतरित हुआ है तो गैस एजेंसी का संचालन किस आधार पर जारी है। साथ ही उन्होंने पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की।
द्विवेदी ने कहा कि शिकायत में एजेंसी के आवंटन, संचालन, गोदाम तथा उपभोक्ताओं से कथित वसूली समेत सभी पहलुओं की जांच कराने का आग्रह किया गया है। उनके मुताबिक, IOCL के प्रदेश प्रमुख भोद्रो लकरा ने मामले में तीन दिन के भीतर कार्रवाई की बात कही है। अब जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों और IOCL की कार्रवाई पर निगाह रहेगी।


