डिजिटल मिशन से मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं, काशी में विशेषज्ञों ने साझा की कार्ययोजना
एबीडीएम कार्यशाला में सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर जोर
वाराणसी (जनवार्ता)। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ सरकारी और निजी क्षेत्र के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश की सचिव रितु माहेश्वरी, साचीज की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अर्चना वर्मा और मंडलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम मौजूद रहे। सचिव रितु माहेश्वरी ने प्रदेश और जनपद स्तर पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की प्रगति की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को एबीडीएम से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड के उपयोग से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित, सुगम और मरीज-केंद्रित बनाया जा सकता है।
साचीज की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अर्चना वर्मा ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बीच डिजिटल समन्वय पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय से लाभार्थियों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए सेवाओं की प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी हो सकती है।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि कार्यशाला में दी गई जानकारी को मंडल के स्वास्थ्य संस्थानों में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने एबीडीएम के क्रियान्वयन में स्वास्थ्य विभाग और संबद्ध संस्थानों की भूमिका पर प्रकाश डाला। संचालन संयुक्त निदेशक डॉ. मोहित सिंह ने किया।
कार्यशाला में तीनों मंडलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, निजी मेडिकल कॉलेजों एवं चिकित्सालयों के चिकित्सा अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और चिकित्सक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, स्वास्थ्य रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और स्वास्थ्य संस्थानों में एबीडीएम के उपयोग को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
मंच पर नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सैगल, हेरिटेज मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक डॉ. सिद्धार्थ राय, आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन और पंडित महामना कैंसर केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आकाश मौजूद रहे। अंत में जिला महिला चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीषा सिंह सेंगर ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।

