राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को निकले वाहन, जिला जज ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी (जनवार्ता)। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत-2026 को सफल बनाने के लिए जिला जज व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी संजीव शुक्ला ने गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


जिला जज ने इस अवसर पर कहा कि ये प्रचार वाहन आम जनमानस के बीच राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी पहुंचाएंगे, जिससे अधिक से अधिक वादों का निस्तारण हो सके और लोगों को अदालत से त्वरित राहत मिले।
इस अवसर पर मोटर दावा एवं दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत आलोक कुमार, जनपद वाराणसी के समस्त न्यायिक अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी अजीत कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अविनाश अग्रवाल, विभिन्न प्रशासनिक विभागों के कर्मचारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने दी।
राष्ट्रीय लोक अदालत 9 मई को जनपद वाराणसी में आयोजित होगी।

