आयुर्वेद स्वस्थ भारत की आत्मा : गौरव राठी
वाराणसी (जनवार्ता)। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल प्राचीन चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की समग्र जीवनशैली है। यह प्रकृति, संतुलित आहार, संयम और नियमित दिनचर्या के माध्यम से शरीर और मन में सामंजस्य स्थापित करने का मार्ग दिखाता है। वही आज पूरी दुनिया प्राकृतिक जीवनशैली और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों की ओर आकर्षित हो रही है,

जिससे आयुर्वेद की प्रासंगिकता और बढ़ी है। जबकि कोरोना काल में भी आयुर्वेद और योग के माध्यम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आयुष विभाग आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से वैज्ञानिक एवं प्रमाणित आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ समाज और निरोगी भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

