धोखाधड़ी के मामले में अधेड़ गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी करने के मामले में 58 वर्षीय आरोपी सुधीराम निवासी बरियासनपुर, डोमपुर, थाना चौबेपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुखबिर की सूचना पर लेढ़ूपुर आशापुर सेंट जॉन्स तिराहे से शुक्रवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई 2026 को सारनाथ थाने में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी के खिलाफ फर्जी खतौनी तैयार करने, मिथ्या प्रतिरूपण कर बंजर भूमि अपने नाम करने तथा उसे बेचने के नाम पर रुपये लेने का आरोप है। आरोप है कि रुपये मांगने पर वापस नहीं किए गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 व 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामअजोर कर रहे हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक रामअजोर, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार सिंह और कांस्टेबल पंकज राय शामिल रहे।

