कूनो में फिर पांच नए शावकों का जन्म
श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में एक बार फिर चीतों की किलकारी गूंजी है। मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। नए शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है।

पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार, देश में मौजूद 60 चीतों में 41 का जन्म भारत में ही हुआ है। इसे भारत में चीता संरक्षण और केंद्र सरकार के प्रोजेक्ट चीता के तहत चल रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि से भारत में इस प्रजाति के पुनर्वास और संरक्षण अभियान को नई मजबूती मिली है। पांच नए शावकों के जन्म से वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षण से जुड़े लोगों में भी खुशी का माहौल है।

