हनुमानगढ़ी में माथा टेक रामलला के दरबार पहुंचे मुख्यमंत्री योगी
प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
अयोध्या (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामनगरी अयोध्या पहुंचे। रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी का विधिवत दर्शन-पूजन किया और आरती उतारी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।


हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए और उनके चरणों में साष्टांग दंडवत होकर शीश नवाया। मुख्यमंत्री ने देश एवं प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू होने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे थे।

