अररिया : स्मैक तस्करों का STF टीम पर हमला, छह जवान घायल

अररिया : स्मैक तस्करों का STF टीम पर हमला, छह जवान घायल

मुखिया प्रतिनिधि समेत तीन गिरफ्तार, फायरिंग की सूचना से इलाके में दहशत

बिहार । बिहार के अररिया जिले में रविवार को स्मैक तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नरपतगंज थाना क्षेत्र के थलहा नहर के समीप नरपतगंज-फारबिसगंज फोरलेन पर हुई इस घटना में छह जवान घायल हो गए। इनमें चार जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मुखिया प्रतिनिधि समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

rajeshswari

गुप्त सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी टीम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम को स्मैक तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर जवान खैरा पंचायत के देवीगंज स्टेशन के समीप छापेमारी करने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने दयानंद साह और अनिल साह को गिरफ्तार किया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए खैरा गढ़िया पंचायत के समीप फोरलेन पर कार्रवाई की जा रही थी।

इसी दौरान आरोप है कि खैरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उमर फारूक और उनके सहयोगियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर एसटीएफ की टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जवानों के साथ लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट की। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

10 राउंड से अधिक गोली चलने की सूचना

घटना के दौरान दस राउंड से अधिक गोली चलने की भी सूचना सामने आई है। हालांकि, गोलीबारी की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, आरोपितों की ओर से भी फायरिंग किए जाने की आशंका की जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़े   बरेका में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ जीवित्पुत्रिका पूजनोत्सव

हमले में एसटीएफ की बोलेरो गाड़ी के अलावा एक सफेद टोयोटा ग्लैंजा कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल जवानों को इलाज के लिए नरपतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

तीन आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में दयानंद साह, राजकुमार साह और जुल्फिकार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दयानंद साह देवीगंज, राजकुमार साह खैरा गढ़िया और जुल्फिकार मधुरा पलार का निवासी बताया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और हमले मेंy शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

एसडीपीओ ने घटनास्थल और अस्पताल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने पर फारबिसगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजकिशोर कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से भी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच तेज कर दी है।

घटना ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *