अतीक के कब्जे से मुक्त जमीन पर बनेगी 14 मंजिला इमारत, सीएम योगी कल करेंगे भूमिपूजन

अतीक के कब्जे से मुक्त जमीन पर बनेगी 14 मंजिला इमारत, सीएम योगी कल करेंगे भूमिपूजन

602 परिवारों को मिलेगा अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर

प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को प्रयागराज के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह कसारी-मसारी क्षेत्र में माफिया अतीक अहमद और उसके गुर्गों के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रस्तावित पद्म आवास योजना का भूमिपूजन करेंगे। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से विकसित की जाने वाली इस आवासीय परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

rajeshswari

कभी माफिया के आतंक के कारण चर्चा में रहने वाले इस इलाके में अब बहुमंजिला आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इस योजना के तहत कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि जिस जमीन पर यह परियोजना प्रस्तावित है, वहां कभी अतीक अहमद का आवास भी हुआ करता था। अब उसी जमीन पर लोगों के अपने घर का सपना साकार करने की तैयारी है।

9,811 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगी 14 मंजिला इमारत

पद्म आवास योजना के तहत कुल 9,811.35 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला समूह आवास का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना की इमारत 14 मंजिला होगी, जिसकी ऊंचाई लगभग 44.85 मीटर निर्धारित की गई है। आवासीय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 150 करोड़ रुपये बताई गई है।

प्रतिमा का अनावरण और मतदाता सम्मेलन को भी करेंगे संबोधित

प्रयागराज दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तेलियरगंज चौराहे पर मसुरियादीन की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके साथ ही वह गवर्नमेंट प्रेस मैदान में आयोजित मतदाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर आवासीय योजना का निर्माण प्रयागराज में माफिया से मुक्त कराई गई संपत्तियों के उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने पर 602 परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की योजना है।

इसे भी पढ़े   राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकरों और कारीगरों का सम्मान
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *