संगम में डूबे युवक का अब तक नहीं मिला शव
दोस्तों पर धक्का देकर डुबाने का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी में संगम घाट पर एक युवक के नदी में डूबने का मामला सामने आया है। युवक की मां ने उसके साथ गए चार युवकों पर नदी में धक्का देकर डुबाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से युवक का शव नहीं मिल सका है। पीड़िता ने थाना चौबेपुर में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के करमी धमहापुर गांव निवासी सपना सिंह पत्नी उमेश सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 10 अक्टूबर 2026 को उनका पुत्र साहिल सिंह अपने मित्र नीरज तिवारी, गोलू सिंह, संदीप कुमार और एक अन्य युवक के साथ वाराणसी स्थित संगम घाट पर गया था। शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच साहिल नदी में डूब गया।
सपना सिंह का आरोप है कि स्थानीय नाविकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि साहिल के साथ आए चार युवकों ने उसे नदी में धक्का देकर डुबो दिया। सभी युवक चारपहिया वाहन संख्या यूपी 65 एफवी 0235 से संगम घाट पहुंचे थे।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद से उनके बेटे का शव नहीं मिला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साहिल के साथ गए युवक उसका मोबाइल फोन और कलाई घड़ी लेकर चले गए। बेटे के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास करने पर फोन बंद बता रहा है।
पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। हालांकि, घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और उनकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

