अस्सी घाट पर 200 नाविकों को एनडीआरएफ ने सिखाए जीवन रक्षक कौशल

अस्सी घाट पर 200 नाविकों को एनडीआरएफ ने सिखाए जीवन रक्षक कौशल

डूबने से बचाव का दिया प्रशिक्षण

वाराणसी। गंगा में डूबने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और जल संबंधी आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की ओर से अस्सी घाट पर स्थानीय नाविकों के लिए सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 नाविकों को जीवन रक्षक कौशल और डूबने से बचाव की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

rajeshswari

कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने नाविकों को गंगा में डूबने की घटनाओं के समय त्वरित एवं सुरक्षित बचाव के तरीके बताए। इसमें तैराक और गैर-तैराक व्यक्तियों को बचाने, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और रस्सियों के प्रभावी इस्तेमाल तथा उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी तैरने वाले उपकरण और स्ट्रेचर तैयार करने की विधियां समझाई गईं। इसके साथ ही डूबने से प्रभावित व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने, कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर), रक्तस्राव नियंत्रण और सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार के बारे में भी जानकारी दी गई।

नाविकों को आकाशीय बिजली से संबंधित पूर्व चेतावनी के लिए दामिनी ऐप तथा आपदा संबंधी चेतावनियों और अलर्ट के लिए सचेत ऐप के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षित नाविक गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। आपात स्थिति में सूझबूझ, त्वरित प्रतिक्रिया और उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल करके बहुमूल्य जीवन बचाया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट और उप जिलाधिकारी (सदर), वाराणसी ने प्रतिभागी नाविकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, टी-शर्ट और खाद्य पैकेट वितरित किए। एनडीआरएफ की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना तथा गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जनसहभागिता बढ़ाना है।

इसे भी पढ़े   पीएम ने आयुष मंत्री से पूछा कुशलछेम मैदागिन चौराहे पर हुआ भव्य स्वागत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *