वाराणसी में 150 करोड़ की लागत से बनी गारमेंट फैक्ट्री का प्रधानमंत्री मोदी ने किया शुभारंभ

वाराणसी में 150 करोड़ की लागत से बनी गारमेंट फैक्ट्री का प्रधानमंत्री मोदी ने किया शुभारंभ

पूर्वांचल के हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार, 300 से अधिक महिलाओं को मिला प्रशिक्षण

वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अरविंद लिमिटेड की गारमेंट फैक्ट्री का शुभारंभ किया। करीब सात से आठ एकड़ में फैली इस इकाई के शुरू होने से वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने फैक्ट्री में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों, अनुभवों और चुनौतियों की जानकारी भी ली।

rajeshswari

अहमदाबाद, गुजरात की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड की यह पूर्वांचल में पहली बड़ी विनिर्माण इकाई है। यहां खेलकूद के परिधान, अंतःवस्त्र सहित विभिन्न प्रकार के कपड़ों का उत्पादन किया जाएगा। इस इकाई में जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांडों के परिधान तैयार किए जाएंगे।

महिलाओं को रोजगार में प्राथमिकता

फैक्ट्री में स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने पर विशेष जोर दिया गया है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इकाई के आगामी चरणों में विस्तार के साथ रोजगार के अवसर और बढ़ने की संभावना है। इससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार मिलने के साथ कपड़ा एवं परिधान उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने देखी परिधानों की प्रदर्शनी

शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैक्ट्री के पदाधिकारियों से उत्पादन प्रक्रिया, कपड़ों की गुणवत्ता, उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और खादी के वस्त्रों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से ‘अपना हुनर, अपनी पहचान’ की भावना के अनुरूप संवाद किया और उनके कामकाज तथा सामने आने वाली कठिनाइयों के बारे में विस्तार से पूछा। इस दौरान अरविंद लिमिटेड की ओर से लगाए गए कपड़ों एवं परिधानों के प्रदर्शन का भी अवलोकन किया।

इसे भी पढ़े   आर्मी अधिकारी बनकर नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे। खोचवां पहुंचने पर हेलीपैड पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

कपड़ा उद्योग में अरविंद लिमिटेड की पहचान

अरविंद लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी। अहमदाबाद मुख्यालय वाली यह कंपनी डेनिम, सूती, लिनेन और अन्य प्रकार के कपड़ों के निर्माण के साथ तैयार परिधानों तथा औद्योगिक उपयोग के विशेष वस्त्रों के कारोबार से जुड़ी है। वाराणसी में नई विनिर्माण इकाई की स्थापना से पूर्वांचल में कपड़ा एवं परिधान उद्योग के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *