वाराणसी में सीढ़ी के सहारे घर में घुसे चोर, नकदी-जेवर समेत सामान पार
हैदराबाद में रहता है मकान मालिक का परिवार
वाराणसी (जनवार्ता)। कपसेठी थाना क्षेत्र के गढ़ई गांव में चोरों ने शनिवार की देर रात एक मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, आभूषण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर सीढ़ी के सहारे मकान में दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी काट दी। इसके बाद उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार दोपहर पुलिस को दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़ई गांव निवासी संतोष सिंह अपने पूरे परिवार के साथ हैदराबाद में रहते हैं। उनके मकान की रखवाली की जिम्मेदारी एक व्यक्ति के पास थी। शनिवार की देर रात चोर सीढ़ी के सहारे मकान में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी को काट दिया। चोरों ने अलमारी में रखी एक अंगूठी, झुमका, पायल, एलईडी टीवी और 10 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
डायल 112 पर दी सूचना
रविवार दोपहर करीब 12 बजे मकान की रखवाली कर रहे व्यक्ति ने डायल 112 पर फोन कर चोरी की सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। चोरी की घटना से गांव के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत जताई।
इस संबंध में कपसेठी थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।

