प्रयागराज : एलआईसी अधिकारी पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या का आरोप, हिरासत में
प्रयागराज। नवाबगंज थाना क्षेत्र के मलाक हरहर स्थित मंदाकिनी कॉलोनी में घरेलू विवाद के चलते एलआईसी के विकास अधिकारी पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान तारा देवी (42) के रूप में हुई है। मामले में मृतका के पति रमेश चंद्र समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात तारा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद पति रमेश चंद्र ने पुलिस को पत्नी के आत्महत्या करने की सूचना दी। हालांकि, बच्चों और पड़ोसियों के बयान के बाद मामले ने दूसरा मोड़ ले लिया। पत्नी की मौत को लेकर संदेह गहराने पर पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रमेश चंद्र समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घरेलू विवाद समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

