दो साल से किन्नरों के संपर्क में था युवक, प्राइवेट पार्ट काटने का आरोप
परिजनों ने जबरन किन्नर बनाने की नीयत से हमला करने का लगाया आरोप, युवक ने जबरदस्ती की बात से किया इनकार
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र में एक युवक के प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है। युवक के परिजनों ने किन्नरों पर उसे जबरन किन्नर बनाने की नीयत से उसका प्राइवेट पार्ट काटने का आरोप लगाया है। हालांकि, युवक ने जबरदस्ती किए जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, युवक कैंट थाना क्षेत्र का रहने वाला है और करीब दो साल से फरीदपुर क्षेत्र के एक किन्नर के संपर्क में था। इस दौरान उसके रहन-सहन और पहनावे में बदलाव आने लगा था। बताया जा रहा है कि युवक ने बाल बढ़ा लिए थे और महिलाओं की तरह कपड़े पहनने लगा था। उसके बदले हुए पहनावे और हावभाव को लेकर परिवार के लोग चिंतित थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में उसके प्राइवेट पार्ट पर चोट और कटने की पुष्टि हुई। उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक को जबरन किन्नर बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया। वहीं, युवक ने अपने साथ जबरदस्ती होने की बात से इनकार किया है। पुलिस युवक और उसके परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

