संस्कृत विश्वविद्यालय में छत्तीसगढ़ का स्थापना दिवस कल
वाराणसी (जनवार्ता)। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में एक नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। शासन के निर्देश और कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की स्वीकृति से विभिन्न शैक्षणिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और विकास यात्रा से परिचित कराना है।

इस दौरान कुलपति ने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विविधता के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। जहाँ भाषण, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी और रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ पोस्टर, मॉडल एवं चार्ट की प्रदर्शनी भी लगेगी। छात्र-छात्राएं नृत्य, गीत, वादन और लघु नाट्य प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन की गतिविधियों की बुकलेट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। जिसमें आचार्य प्रो. शैलेश कुमार मिश्र को नोडल अधिकारी तथा डॉ. रविशंकर पाण्डेय को सह-नोडल अधिकारी बनाया गया है।

